गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव: सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के लिए वोट की अपील
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक MLC चुनाव: सपा प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी के लिए वोट की अपील, विनय शंकर तिवारी बोले- सपा सरकार में 65 साल होगी प्रोफेसरों की रिटायरमेंट उम्र, OPS होगा बहाल
गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक खंड एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रेस वार्ता कर शिक्षकों से वोट की अपील की। प्रेस वार्ता में सपा के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी और पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने सपा के अधिकृत प्रत्याशी डॉ. संजयन त्रिपाठी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
शिक्षकों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है सपा – विनय शंकर तिवारी –
विनय शंकर तिवारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से शिक्षकों के अधिकारों और उनकी समस्याओं को लेकर संघर्षरत रही है। वर्तमान में शिक्षक वर्ग कई समस्याओं से जूझ रहा है और सपा ही उनकी आवाज मजबूती से उठा रही है। जब-जब सपा की सरकार रही है, शिक्षकों सहित सभी वर्गों के हित में काम किया गया है। भाजपा के 10 साल के शासन में मानदेय शिक्षकों और उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों में प्रोफेसरों की रिटायरमेंट उम्र 65 वर्ष है, जबकि उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में यह 62 वर्ष है। सपा सरकार आने पर राज्य विश्वविद्यालयों के प्रोफेसरों की रिटायरमेंट उम्र भी 65 वर्ष की जाएगी। प्रदेश के हर वर्ग, धर्म, जाति और विशेष रूप से युवाओं में अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को लेकर भारी उत्साह है। पीडीए समाज अब बदलाव चाहता है।
उन्होंने वादा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पहला वादा पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करना होगा। बेहद कम वेतन पर पढ़ा रहे मानदेय शिक्षकों को उनकी योग्यता के अनुसार सम्मानजनक मानदेय दिया जाएगा।
नगीना प्रसाद साहनी ने कहा – वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं का होगा समाधान –
पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना प्रसाद साहनी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट घोषणा की है कि सपा सरकार बनते ही शिक्षकों की लंबे समय से लंबित पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। इसके अलावा वित्तविहीन शिक्षकों और मानदेय कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में शिक्षकों की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका। समाजवादी पार्टी हमेशा शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव के कार्यकाल में शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, वेतनमान और पेंशन जैसी ऐतिहासिक नीतियां लागू की गई थीं। वर्तमान सरकार में शिक्षक लगातार प्रताड़ित हो रहे हैं, ऐसे में सपा प्रत्याशी को जिताना जरूरी है।

Amrit Mishra
Designation: CHIEF EDITOR
Work Area: INDIA (Delhi)
Mobile: 9555237137
Email: amnewsnational@gmail.com
