UP में कल सभी बूथों पर लगेगा विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप
- UP में कल सभी बूथों पर लगेगा विशेष मतदाता पंजीकरण कैंप, छूटे हुए और नए वोटर्स करा सकेंगे नाम दर्ज – CEO नवदीप रिणवा ने दिए निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटे हुए नागरिकों और पहली बार वोटर बनने वाले युवाओं के लिए कल 24 अक्टूबर (शनिवार) को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष पंजीकरण कैंप आयोजित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद छूटे हुए पात्र नागरिकों को मौका देने के लिए यह कैंप लगाया जा रहा है। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को कैंप को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे BLO –
निर्देश के अनुसार 24 अक्टूबर को प्रदेश के सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। सभी BLO के पास पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध रहेंगे, ताकि किसी भी पात्र नागरिक को असुविधा न हो। प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क भी सक्रिय रहेगी।
ये दस्तावेज लाना होगा –
ऑफलाइन फॉर्म-6 भरने के लिए इच्छुक नागरिकों को नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, जन्म और निवास संबंधी दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित छायाप्रति और परिवार के किसी सदस्य का वोटर ID नंबर (यदि उपलब्ध हो) साथ लाना होगा। ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से फॉर्म भरने की सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस अभियान का व्यापक प्रचार प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाए। मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों को भी इसकी जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इसका लाभ उठा सकें। अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Amrit Mishra
Designation: CHIEF EDITOR
Work Area: INDIA (Delhi)
Mobile: 9555237137
Email: amnewsnational@gmail.com
