मंत्री संजय निषाद की BJP को खुली चेतावनी – आरक्षण दो वरना धोखा खाओगे, अखिलेश को गोरखपुर से लड़ने की चुनौती

दिल्ली/लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले निषाद पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने बुधवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में शक्ति प्रदर्शन कर भाजपा को कड़ी चेतावनी दे दी।
महासम्मेलन को संबोधित करते हुए संजय निषाद ने कहा कि मछुआ समाज को SC का आरक्षण देना होगा। साथ तभी देंगे जब आरक्षण की बात होगी। निषाद पार्टी भाजपा की मित्र है और वह नहीं चाहती कि गठबंधन को नुकसान हो, लेकिन भाजपा को जल्द निर्णय लेना होगा। अगर मांग पूरी नहीं हुई तो भाजपा धोखा खाएगी।
‘संविधान में हमारा हिस्सा, आरक्षण लेकर रहेंगे’
उन्होंने कहा कि निषाद समाज लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। समाज की आबादी करीब 18 प्रतिशत है और उसे आरक्षण का लाभ मिलना चाहिए। संविधान में हमारा हिस्सा लिखा है, हमें आरक्षण चाहिए।
मझवार और तुरैहा को SC में शामिल करने की मांग प्रमुखता से उठी। उन्होंने कहा कि मझवार को एक जाति नहीं, बल्कि जातियों के समूह के रूप में समझने की जरूरत है। उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और दिल्ली में निषाद की कुछ उपजातियों को मिले आरक्षण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यमुना पार के निषादों को यह लाभ क्यों नहीं मिलना चाहिए।
2027 और गोरखपुर से चुनौती –
संजय निषाद ने 2027 विधानसभा चुनाव को निषाद समाज के भविष्य के लिए अहम बताया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और सपा दोनों निषाद पार्टी का साथ चाहती हैं, निषाद पार्टी के बिना सत्ता अधूरी है।
कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा- “फाइट करने के लिए तैयार हो जाइए, दिल्ली दूर नहीं है। जनता जिस दिन कुछ करेगी, पसीना छूट जाएगा।” तालकटोरा के नाम पर बड़ी-बड़ी पार्टियां घबरा गईं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव को गोरखपुर से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि वह भाजपा के सहयोग के बिना चुनाव लड़ेंगे और सपा से ज्यादा वोट लेकर जीतेंगे।
चौरी-चौरा पर साजिश का आरोप –
संजय निषाद ने कहा कि खलीलाबाद लोकसभा में उनके बेटे को हराने की साजिश भाजपा के ही लोगों ने रची, जिसके कारण अगल-बगल की कई सीटें भाजपा हार गई। अब चौरी-चौरा में भी ऐसी ही साजिश हो रही है, अगर ऐसा हुआ तो निषाद समाज भाजपा को दूसरी सीटों पर सबक सिखाने को तैयार है।
उन्होंने अखिलेश यादव से भी अपना रुख स्पष्ट करने को कहा कि क्या वह 9 प्रतिशत ओबीसी से काटकर एससी में जोड़कर निषादों को आरक्षण देंगे।

Amrit Mishra
Designation: CHIEF EDITOR
Work Area: INDIA (Delhi)
Mobile: 9555237137
Email: amnewsnational@gmail.com
📢 Share This News:
